
सरायकेला- खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना पुलिस ने बीते दो मार्च को सीरीस भट्ठा के समीप हुए गोलीकांड मामले का खुलासा करते हुए दो अपराध कर्मियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस की गिरफ्त में आए अपराध कर्मियों में कुख्यात अपराधकर्मी संजय सरकार का बेटा शुभम सरकार और राज लोहार शामिल हैं. पुलिस ने इनकी निशानदेही पर एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, बाईक और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. इस संबंध में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि प्राथमिकी अभियुक्त शुभम सरकार और राज लोहार ने राजवीर सिंह उर्फ लालू तथा उसके साथी आशीष दीप पर जान मारने की नीयत से गोली चला दी थी. इस दौरान मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे राजवीर सिंह उर्फ लालू को गोली लग गई थी. घायल को इलाज के लिए तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल जमशेदपुर में भर्ती कराया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला समीर सवैया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों शुभम सरकार और राज लोहार उर्फ कालू को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ में सामने आया कि आशीष दीप के भाई आकाश दीप के साथ शुभम सरकार की मां के साथ अवैध संबंध था. पुलिस के अनुसार शुभम सरकार के पिता संजय सरकार पिछले तीन वर्षों से मानगो थाना क्षेत्र के एक हत्या के मामले में जेल में बंद हैं. इसी दौरान उसकी मां का आकाश दीप नामक व्यक्ति से संबंध हो गया और वह उसे लेकर गुजरात चला गया था. इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था. फिलहाल दोनों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.
