एसएसपी के आदेश पर जमशेदपुर में 53 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला

जमशेदपुर में पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पूर्वी सिंहभूम के आदेश पर जिले में एक साथ 53 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला कर दिया गया है। इस संबंध में जिलादेश संख्या 419/2026 जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार कई थानों के प्रभारी बदले गए हैं, जबकि कई अधिकारियों को पुलिस केंद्र और यातायात थानों में नई जिम्मेदारी दी गई है। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
सूची के अनुसार कदमा थाना के सह थाना प्रभारी प्रवेश चंद्र सिन्हा को अंचल निरीक्षक जादूगोड़ा बनाया गया है, जबकि अंचल निरीक्षक जादूगोड़ा दिलीप कुमार यादव को कदमा थाना का सह थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
वहीं चकुलिया थाना प्रभारी संतोष कुमार को जुगसलाई थाना, और सीतारामडेरा थाना से राजेश कुमार को चाकुलिया थाना प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा पटमदा थाना प्रभारी करमपाल भगत को परसुडीह थाना, और ओलिडीह ओपी से विश्व चरन भोक्ता को पटमदा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
अन्य कई पुलिस अधिकारियों को बर्मामाइंस, मानगो, साकची, जुगसलाई और विभिन्न यातायात थानों में नई तैनाती दी गई है, जबकि बड़ी संख्या में अधिकारियों को पुलिस केंद्र गोलमुरी भेजा गया है।
यह आदेश 12 मार्च 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
पुलिस केंद्र गोलमुरी को निर्देश दिया गया है कि सभी अधिकारी जल्द से जल्द अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *