
सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला. जहां पुड़ीसिल्ली चौक स्थित शिव मंदिर के पास कांदरबेडा से डोबो जाने वाली मुख्य सड़क पर एक कार ने स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सादा रंग की होंडा क्रेटा कार तेज रफ्तार में आ रही थी. इसी दौरान सामने से आ रहे ब्लू रंग की स्कूटी सवार युवक को सामने से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार युवक को कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गई. हादसे के बाद युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा. स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. घटना की जानकारी मिलते ही कपाली ओपी के मोहम्मद बशीर खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल भेजा गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है और इलाज जारी है. बताया जा रहा है कि कार में दो युवक सवार थे. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनमें से एक का नाम दिलीप मंडल बताया जा रहा है, जो जमशेदपुर के सितारामडेरा थाना क्षेत्र का रहने वाला है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
