जमशेदपुर: मानगो में चोरी करते युवक रंगे हाथ पकड़ा गया, स्थानीय लोगों ने पुलिस को सौंपा

जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र स्थित कीर्तन विहार कॉलोनी में बुधवार को स्थानीय लोगों ने एक युवक को चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। घटना के बाद लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, कीर्तन विहार कॉलोनी में पिछले कुछ दिनों से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं, जिससे इलाके के लोगों में काफी आक्रोश था। दो दिन पहले भी इसी कॉलोनी में चोरी की एक घटना सामने आई थी, जिसमें संदिग्ध युवक की तस्वीर वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
बुधवार को जब वही युवक दोबारा कॉलोनी में संदिग्ध स्थिति में घूमता नजर आया तो स्थानीय लोगों को उस पर शक हुआ। इसी दौरान वह एक घर में घुसने की कोशिश कर रहा था, तभी लोगों ने उसे पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने पहले उसकी जमकर पिटाई कर दी, इसके बाद मानगो थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक ने इलाके में और कितनी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पकड़ा गया युवक आदतन नशेड़ी प्रतीत हो रहा है और संभवतः नशे की लत के कारण ही चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर पूरे मामले की सच्चाई जानने की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *