जमशेदपुर: शादी का झांसा देकर युवती ने उड़ाए लाखों के जेवर, पुलिस जांच में जुटी

Spread the love

जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रकाश नगर, गरुड़बासा में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती पर शादी का झांसा देकर युवक और उसके परिवार का विश्वास जीतने के बाद लाखों रुपये के जेवरात लेकर फरार होने का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे इलाके में इसकी चर्चा हो रही है।
जानकारी के मुताबिक गोविंदपुर निवासी निखिल सिंह की मुलाकात पूजा पांडेय नाम की एक युवती से हुई थी, जो शहर के एक पीजी में रह रही थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और युवती ने निखिल से शादी करने का भरोसा दिलाया। इसी बीच निखिल के घर जनेऊ संस्कार का कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें पूजा भी शामिल होने पहुंची। कार्यक्रम के दौरान वह परिवार के लोगों से घुल-मिल गई और धीरे-धीरे सबका भरोसा जीत लिया।
निखिल का कहना है कि विश्वास के कारण उसने अपनी अलमारी की चाबी भी पूजा को दे दी थी। 6 मार्च को जनेऊ कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब उसकी बुआ को घर लौटना था और अलमारी से उनका मंगलसूत्र निकालना था, तब निखिल ने पूजा से चाबी मांगी। आरोप है कि पूजा बार-बार किसी न किसी बहाने से चाबी देने में टालमटोल करती रही। संदेह होने पर जब अलमारी की जांच की गई तो उसमें रखे जेवरात और कुछ नकदी गायब मिले।
मामले की पड़ताल के दौरान यह भी सामने आया कि पूजा पांडेय पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। आरोप है कि वह युवकों को प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झांसा देती है और मौका मिलते ही उनके घर से जेवरात व कीमती सामान लेकर फरार हो जाती है। यह भी बताया जा रहा है कि पड़ोस के एक घर में भी उसने इसी तरह विश्वास हासिल कर अलमारी की चाबी ले ली थी, जिसके बाद वहां से भी गहने गायब हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद गोविंदपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *