
जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडीह गाड़ीवानपट्टी में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्थानीय लोगों ने बच्चा चोरी के संदेह में एक महिला को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने महिला को बांस के खंभे से रस्सी के सहारे बांध दिया। सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। घटना के संबंध में पीड़िता जैतून बीबी ने बताया कि वह पास की दुकान पर राशन लेने गई थी। इस दौरान उसके बच्चे घर के बाहर मैदान में खेल रहे थे। तभी एक महिला वहां पहुंची और उसकी तीन साल की बेटी को जबरन खींचकर ले जाने की कोशिश करने लगी। आरोप है कि महिला बच्ची को उसके बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रही थी। तभी जैतून बीबी के छोटे बेटे ने तुरंत शोर मचाकर अपनी मौसी और अन्य परिजनों को बुला लिया। परिजनों को अपनी ओर आता देख आरोपी महिला भागने लगी, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। इसके बाद गुस्से में आए लोगों ने उसे बांस के खंभे से बांध दिया। परिजनों का कहना है कि यह महिला पिछले चार दिनों से इलाके में संदिग्ध रूप से घूमती देखी जा रही थी। घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए महिला को लोगों के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गई।
