जमशेदपुर में 27 फरवरी को निकलेगी भव्य श्री श्याम निशान यात्रा, 5 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना

Spread the love

जमशेदपुर: फाल्गुन माह के पावन अवसर पर 27 फरवरी को शहर में विशाल एवं भव्य श्री श्याम निशान यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक यात्रा में लगभग 5 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
बताया गया कि निशान यात्रा साकची स्थित शिव मंदिर से प्रारंभ होकर विष्टूपुर की मुख्य सड़क से गुजरते हुए जुगसलाई स्थित वैकुंठ धाम मंदिर में पहुंचकर संपन्न होगी। यात्रा में करीब 3 हजार महिला एवं पुरुष श्रद्धालु अपने हाथों में पवित्र निशान लेकर बाबा श्याम के जयकारों के साथ शामिल होंगे, जबकि हजारों श्रद्धालु सपरिवार यात्रा में सहभागिता करेंगे।
यात्रा से पूर्व पुरोहितों द्वारा सभी निशानों की विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। बाबा श्याम का विशेष चलंत दरबार आकर्षक फूलों से सजाया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र रहेगा। यात्रा के साथ एक विशेष वाहन भी चलेगा, जिसमें भजन गायक श्याम भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे।
आयोजकों ने बताया कि यात्रा के दौरान बाबा श्याम को छप्पन भोग एवं छत्तीस प्रकार के व्यंजनों का विशेष भोग अर्पित किया जाएगा। इसके पश्चात प्रसाद श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया जाएगा। श्रद्धालु पूरे मार्ग में बाबा श्याम के साथ गुलाल खेलते हुए एवं भक्ति गीतों के साथ आगे बढ़ेंगे।
फाल्गुन शुक्ल पक्ष की एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटू श्याम मंदिर में विशाल मेले का आयोजन होता है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। जो श्रद्धालु खाटू धाम नहीं जा पाते, उनके लिए यह निशान यात्रा बाबा की आराधना का विशेष अवसर मानी जाती है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर निशान कूपन वितरण केंद्र बनाए गए हैं। इनमें जुगसलाई, साकची, मानगो, बारीडीह और अन्य प्रमुख बाजार क्षेत्र शामिल हैं, जहां से श्रद्धालु निशान प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम से एक दिन पूर्व 26 फरवरी को जुगसलाई शिव मंदिर में मंडल की महिलाओं द्वारा मेहंदी उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर महिलाएं अपने हाथों में बाबा श्याम के नाम की मेहंदी रचाकर आस्था प्रकट करेंगी।
आयोजन समिति ने जमशेदपुर के सभी श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस भव्य निशान यात्रा को सफल बनाएं और बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *