मानगो वार्ड 35 में तेज हुई चुनावी हलचल, नौशाद आलम ने शुरू किया घर-घर जनसंपर्क अभियान

Spread the love

जमशेदपुर मानगो नगर निगम परिषद के वार्ड संख्या 35 में पार्षद पद को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में वार्ड 35 से पार्षद पद के प्रत्याशी नौशाद आलम ने क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। वे लगातार घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर अपने पक्ष में समर्थन मांग रहे हैं।
जनसंपर्क के दौरान नौशाद आलम ने कहा कि यदि वार्ड की जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है तो वे क्षेत्र के समग्र विकास की ठोस रूपरेखा तैयार कर उसे धरातल पर उतारेंगे। उन्होंने बताया कि वार्ड में सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि वार्ड संख्या 35 को बुनियादी सुविधाओं से पूर्ण रूप से सुसज्जित करना उनका संकल्प है। युवाओं के लिए खेल मैदान, महिलाओं के लिए सामुदायिक सुविधाएं और बुजुर्गों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में भी वे कार्य करेंगे।
नौशाद आलम ने यह भी कहा कि पार्षद बनने के बाद वे जनता के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे और वार्ड की हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करेंगे। चुनावी माहौल में उनके समर्थकों के साथ कई स्थानीय लोग भी जनसंपर्क अभियान में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *