लातेहार में रिश्वतखोर अमीन गिरफ्तार, 7 हजार लेते एसीबी ने रंगे हाथ दबोचा

Spread the love

लातेहार पलामू प्रमंडलीय एसीबी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लातेहार जिले के गारू प्रखंड सह अंचल कार्यालय में पदस्थापित अमीन मुनिदेव सिंह को सात हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार वादी विशाल कुमार ने शिकायत की थी कि उनकी मां के नाम से जमीन की ऑनलाइन रसीद काटने के एवज में अमीन सात हजार रुपये की मांग कर रहा था. शिकायत की सत्यापन जांच के बाद एसीबी ने सुनियोजित ढंग से ट्रैप बिछाया. पूर्व निर्धारित योजना के तहत जैसे ही अमीन ने सात हजार रुपये रिश्वत की राशि ली, एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया. गिरफ्तारी के बाद टीम ने आरोपी के आवास पर भी छापेमारी की और तलाशी अभियान चलाया. तलाशी पूरी होने के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. एसीबी की इस कार्रवाई की खबर मिलते ही गारू अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि गारू अंचल कार्यालय में एसीबी की यह पहली बड़ी कार्रवाई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *