
जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटा गोविंदपुर स्थित बजरंग नगर में एक दर्दनाक हादसे में 5 वर्षीय मासूम बच्चे की कुएं में गिरने से मौत हो गई।
मृतक बच्चे की पहचान शिवम केवरतो के रूप में हुई है। घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। जैसे ही बस्ती के लोगों को जानकारी मिली कि एक बच्चा कुएं में गिर गया है, इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना परसुडीह थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने टाटा स्टील की सुरक्षा टीम से संपर्क किया, जिसके बाद सुरक्षा टीम की मदद से करीब 30 फीट गहरे कुएं से बच्चे के शव को बाहर निकाला गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शिवम कुएं में कैसे गिरा। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।
