
सरायकेला के राजनगर थाना पुलिस ने जिले में सक्रिय अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का खुलासा करते हुए कुख्यात अपराधी सुजित कुमार शर्मा उर्फ पुरी उर्फ़ कालू सरदार और सागर मुंडा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है. साथ ही पुलिस ने गैंग से जुड़े तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया है. शनिवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी. एसपी ने बताया कि राजनगर थाना में बीएनएस के तहत दर्ज मामले में यह गिरफ्तारी की गई है. आवेदक आशीष कुमार महतो ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बदमाशों द्वारा हथियार के बल पर मोबाइल फोन और नगद राशि लूट ली गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर अनुसंधान शुरू किया गया. अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर सुजीत शर्मा उर्फ पुरी को गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है और उस पर जिले के विभिन्न थानों में दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं. बताया जाता है कि आरोपियों पर जिला एवं जिले से बाहर के थाना में करीब 40 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं. जिले के छः घटनाओं का उद्वेदन किया गया है. प्रेस वार्ता में एसपी द्वारा बताया गया कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई कांड दर्ज हैं. उसके खिलाफ राजनगर, बड़ाबाजार, चांडिल, कपाली और अन्य थानों में मामले लंबित हैं. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का मोबाइल, नगद राशि, बाइक और अन्य सामान भी बरामद किया है. जब्त सामग्री में चोरी गई मोबाइल, एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल और अन्य सामान शामिल हैं.
एसपी ने कहा कि जिले में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
