
बेतिया जिले के नरकटियागंज में अंडा व्यवसायी की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशतनंदपुर रेलवे ढाला के समीप झाड़ियों में मिला वार्ड 7 निवासी विजय कुमार साह का शवनरकटियागंज नगर से शनिवार की सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नगर के वार्ड संख्या सात निवासी और पेशे से अंडा व्यवसायी विजय कुमार साह की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। विजय कुमार का शव नरकटियागंज–भिखना ठोरी रेलखंड पर नंदपुर रेलवे ढाला के समीप झाड़ियों में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह, थानाध्यक्ष ज्वाला सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल से एक देशी कट्टा भी बरामद किया गया है। पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया है।इधर, हत्या की खबर मिलते ही आक्रोशित परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए और शव को पोस्टमार्टम में भेजने का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मृतक की पत्नी माया मति देवी ने बताया कि 29 नवंबर 2025 को भी विजय कुमार नरकटियागंज–भिखना ठोरी रेलखंड पर चाकू से हमला किया गया था, जिसमें उनका पेट फाड़ दिया गया था। उस समय करीब पांच लाख रुपये खर्च कर किसी तरह उनकी जान बचाई गई थी।परिजनों के अनुसार शुक्रवार की शाम करीब सात बजे विजय कुमार यह कहकर घर से निकले थे कि वे धर्मेंद्र की पान दुकान पर पान खाने जा रहे हैं, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो शनिवार सुबह रेलवे लाइन किनारे उनका शव मिलने की खबर आई।घटना से आक्रोशित परिजनों ने नंदपुर ढाला के समीप सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन प्रभावित रहा। एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
