
संगठन ने पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए जिले में ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा के लिए विशेष टास्क फोर्स के गठन की मांग की है। राष्ट्रीय कसेरा सोनार महापरिवार के पदाधिकारियों ने बताया कि बीते छह महीनों में राज्य भर में करीब 17 करोड़ रुपये की लूट की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे ज्वेलरी व्यवसायी भय और असुरक्षा के माहौल में काम करने को मजबूर हैं। संगठन ने मांग की है कि पूर्वी सिंहभूम जिले में ज्वेलरी दुकानों और सोना-चांदी के व्यापारियों को विशेष सुरक्षा मुहैया कराई जाए। इसके अलावा, संगठन ने पुलिस और ज्वेलरी व्यापारियों के बीच नियमित समन्वय बैठक आयोजित करने की भी अपील की है, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके और व्यापारियों में सुरक्षा का भरोसा कायम हो सके।
