
गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड क्षेत्र के दलिया स्थित विवादित पत्थर खदान में मंगलवार सुबह दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट और गोलीबारी में बदल गया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतक की पहचान जमुआ थाना क्षेत्र के चचघरा निवासी सुरेश महतो के रूप में की गई है।
घायलों में अरविन्द वर्मा, सुगदेव महतो, रितलाल वर्मा, शिवम और साहिल,सोनू कुमार सहित कई अन्य शामिल हैं। सभी घायलों को पहले जमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, दलिया स्थित यह पत्थर खदान कई वर्षों से बंद थी। हाल ही में बिहार के नवादा जिले से आए एक संचालक ने कथित रूप से बाहरी गुंडों के सहयोग से खदान का संचालन शुरू कर दिया था। जब स्थानीय ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों में झड़प शुरू हो गई, जिसमें गोलियां चलने लगीं। गोलीबारी के दौरान एक व्यक्ति को पैर में गोली लगी, जबकि कई लोग पत्थरबाजी और लाठी-डंडे से घायल हुए।इस घटना के बाद दलिया और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जमुआ थाना प्रभारी मणिकांत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।
थाना प्रभारी ने बताया कि घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया है। मामले की जांच की जा रही है और गोली चलाने वालों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त बल की तैनाती कर दी है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
