
जमशेदपुर : वन विभाग, जमशेदपुर की ओर से झारखंड राज्य स्तरीय तीन दिवसीय वन खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन बिस्टुपुर स्थित जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रधान मुख्य वन संरक्षक अशोक कुमार ने गुब्बारे उड़ाकर किया। इस अवसर पर वन विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रधान मुख्य वन संरक्षक अशोक कुमार ने सम्मानित किया। खेलों के साथ-साथ छउ नृत्य समेत कई रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी दर्शकों को आकर्षित किया।
यह प्रतियोगिता राज्य स्तरीय स्तर पर आयोजित की जा रही है, जिसमें पूरे झारखंड को छह जोन में बांटकर वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी हिस्सा ले रहे हैं। आज के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक अशोक कुमार ने इस मौके पर कहा कि इस प्रतियोगिता का आयोजन वन विभाग की एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि आगामी नवंबर माह में देहरादून में राष्ट्रीय वन खेल प्रतियोगिता का आयोजन होगा, जिसमें झारखंड के उत्कृष्ट खिलाड़ी हिस्सा लेंगे और राज्य का नाम रोशन करेंगे।
