टेल्को थाना क्षेत्र में टाइगर मोबाइल के जवान मोहम्मद तबरेज ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए परसुडीह निवासी मोहम्मद रिज़वान को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 26 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया गया

सूत्रों के मुताबिक, जवान तबरेज को गुप्त सूचना मिली थी कि रिज़वान इलाके में नशे का कारोबार कर रहा है। सूचना मिलते ही उन्होंने बिना समय गंवाए साहस और सूझबूझ दिखाते हुए कार्रवाई की और आरोपी को धर दबोचा।बरामद नशे का सामान टेल्को थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि पूछताछ के दौरान और भी खुलासे हो सकते हैं तथा इस गिरोह के अन्य सदस्यों तक पुलिस की पहुंच बन सकती है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ब्राउन शुगर की बरामदगी जिले में सक्रिय नशे के नेटवर्क को उजागर करने की दिशा में अहम कड़ी साबित हो सकती है।स्थानीय लोगों ने जवान तबरेज की बहादुरी की जमकर सराहना की है। लोगों का कहना है कि उनकी इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के कारोबार पर लगाम लगेगी और युवा वर्ग को बचाने में मदद मिलेगी। लोगों ने कहा कि तबरेज ने जिस तरह से बिना किसी भय के आरोपी को पकड़ा, वह काबिले तारीफ है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग उन्हें नशे के खिलाफ जंग का सच्चा योद्धा मान रहे हैं।इस घटना के बाद से टेल्को और आसपास के इलाकों में पुलिस की सक्रियता और बढ़ गई है। वहीं, लोगों ने उम्मीद जताई है कि इस तरह की कार्रवाई लगातार होती रहे ताकि समाज को नशे के दुष्चक्र से बाहर निकाला जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *