
पुलिस ने मौके से गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से नौ चोरी किए गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं. जानकारी के अनुसार, ये युवक साहेबगंज और पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं और कदमा में लगने वाले गणेश पूजा मेले को निशाना बनाने के इरादे से आए थे.
सूचना मिलने पर पेट्रोलिंग टीम ने तत्परता दिखाते हुए कदमा बाजार से एक युवक को चोरी किए मोबाइल के साथ पकड़ा. पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य तीन सदस्यों को मानगो के जेके सोसाइटी से गिरफ्तार किया गया. इनके पास से नौ मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड और दो मेमोरी कार्ड बरामद हुए. पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी करता था और पूर्व में भी हार्ट बाजार समेत भीड़भाड़ वाले इलाकों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस कुमार महतो (साहेबगंज), रितेश कुमार नोनिया (आसनसोल), तौशिप शेख (आसनसोल) और रसी कुमार (साहेबगंज) के रूप में हुई है. सभी के खिलाफ कदमा थाना कांड संख्या-78/25, दिनांक 24.08.2025 के तहत आईपीसी की धारा 379(2) में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. इसकी जानकारी सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे ने दी.
