
जामताड़ा। किसानों की तरक्की और कृषि के आधुनिकीकरण की दिशा में जामताड़ा में एक बड़ा कदम उठाया गया। कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, जामताड़ा द्वारा भूमि संरक्षण कार्यालय में छोटे एवं सीमांत किसानों को अनुदानित दर पर पंपसेट का वितरण किया गया। साथ ही कृषि यंत्रीकरण प्रोत्साहन योजना के तहत महिला स्वयं सहायता समूह, सखी मंडल एवं कृषक समूहों को मिनी ट्रैक्टर और पावर टिलर दिए गए। वहीं मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के अंतर्गत किसानों को बड़े ट्रैक्टर भी उपलब्ध कराए गए।
इस अवसर पर झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री एवं जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने किसानों को यह सौगात सौंपी। कार्यक्रम में गोड्डा के पूर्व सांसद फुरकान अंसारी, जिला अध्यक्ष दीपिका बेसरा, जिला कार्यकारी अध्यक्ष विजय दुबे, राजद जिला अध्यक्ष दिनेश यादव, कांग्रेस नेता बीरबल अंसारी और तनवीर आलम समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। डॉ. अंसारी ने अपने संबोधन में कहा कि इस योजना को लेकर किसानों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। उन्होंने कहा, “हम जनता का दिल जीत चुके हैं। हमारी सरकार केवल 5 साल के लिए नहीं, बल्कि 25 साल तक जनता की सेवा करेगी। मंत्री ने इस साल की बारिश का उल्लेख करते हुए कहा कि औसतन हर साल करीब 300 मिलीमीटर वर्षा होती थी, लेकिन इस बार 900 मिलीमीटर बारिश हुई है। उन्होंने कहा कि यह कृषि के लिए वरदान साबित हो रही है, हालांकि कहीं-कहीं अधिक बारिश से फसल को नुकसान भी हुआ है। डॉ. अंसारी ने साफ कहा कि उनका सबसे बड़ा फोकस विकास है और जनता का दिल जीतना ही उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों के उत्थान और ग्रामीण विकास को लेकर लगातार कदम उठाती रहेगी।कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार और जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी सुशांत कुन्दंडलवा, गणेश कुमार, सत्येंद्र उपाध्याय, बीरबल अंसारी, निष्पति हांसदा, भी मौजूद रहे। मौके पर किसानों और महिला समूहों को ट्रैक्टर और उपकरण मिलने से वातावरण उत्सव जैसा हो गया। किसानों ने इसे ऐतिहासिक दिन बताया और मंत्री का आभार व्यक्त किया।
