जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति की बैठक संपन्न, तैयारियों पर हुई विस्तृत चर्चा, 13 नई पूजा समितियाँ जुड़ीं केंद्रीय समिति से, प्रशासन से सहयोग की उम्मीद

Spread the love

जमशेदपुर। जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति की कार्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को भालूबासा स्थित होटल मिस्टी इन में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष अचिंतम गुप्ता ने की। सर्वप्रथम अध्यक्ष ने सभी सदस्यों का अभिवादन किया और आगे की कार्यवाही के लिए महासचिव को निर्देशित किया। महासचिव आशुतोष सिंह ने सभी सदस्यों का स्वागत किया तथा आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत करने हेतु अंकेक्षक प्रदीप दास को आमंत्रित किया। श्री दास ने विगत वर्ष का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे चर्चा उपरांत सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।

बैठक में विगत वर्ष की दुर्गा पूजा से मिले अनुभवों और इस वर्ष की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। सभी सदस्यों ने स्वीकार किया कि पिछले वर्ष समिति को कार्यकारिणी के सभी सदस्यों का अभूतपूर्व सहयोग प्राप्त हुआ था। इस वर्ष अधिक वर्षा के कारण चुनौतियाँ बढ़ गई हैं, कई स्थानों पर पूजा स्थल पूजा योग्य नहीं हैं, सड़कों की स्थिति दयनीय है तथा विसर्जन घाटों की चिन्हित कर मरम्मत की आवश्यकता है। समिति ने इस पर तुरंत कार्यवाही की आवश्यकता पर बल दिया।

जिला प्रशासन द्वारा पिछले वर्ष दिए गए सहयोग की सराहना की गई तथा आशा व्यक्त की गई कि इस वर्ष भी प्रशासन सहयोग प्रदान करेगा। बैठक में यह भी निर्णय हुआ कि विसर्जन घाटों – स्वर्णरेखा घाट, वेली बोधन घाट और बड़ौदा घाट – की समस्याओं को अभी से जिला प्रशासन के संज्ञान में लाया जाए ताकि समय रहते समाधान किया जा सके। बढ़ती हुई समितियों की संख्या को देखते हुए नए घाटों के निर्माण की आवश्यकता पर भी विचार हुआ।

बैठक में यह जानकारी भी दी गई कि इस वर्ष 13 नए पूजा समितियों ने केंद्रीय समिति की सदस्यता ग्रहण की है। साथ ही, मानगो फ्लाईओवर निर्माण से प्रभावित पूजा समितियों के स्थल के समाधान हेतु प्रशासन से वार्ता की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।

चूँकि इस वर्ष पूजा के दौरान वर्षा की संभावना जताई गई है, इसलिए इस पर गहन चिंतन करते हुए तैयारियाँ उसी अनुरूप करने की बात कही गई। प्रत्येक ज़ोन के पदाधिकारियों को अपने क्षेत्र की पूजा समितियों के साथ संपर्क कर उनकी समस्याओं को जानने और उनके समाधान की दिशा में आगे बढ़ने का निर्देश दिया गया।

बैठक में यह भी तय हुआ कि आगामी 23 अगस्त को आयोजित होने वाली बैठक में शहर की सभी दुर्गा पूजा समितियाँ भाग लेंगी। समस्याओं को लेकर समिति का प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही जिला प्रशासन से भेंट कर उन्हें अवगत कराएगा।

बैठक में रामबाबू सिंह ने सुझाव दिया कि पूजा की तैयारियों से संबंधित जिला प्रशासन एवं सरकार के सभी निर्देश समय से समितियों तक पहुँचा दिए जाएँ, ताकि अंतिम समय में असमंजस की स्थिति उत्पन्न न हो।

बैठक का समापन कार्यकारी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

बैठक में उपाध्यक्ष अशोक सिन्हा, परमात्मा मिश्रा, गौतम प्रसाद, चमनदीप गील, धर्मेंद्र प्रसाद, संयोजक प्रमोद तिवारी, सामनतो कुमार, असित चक्रवर्ती, अर्जुन शर्मा, पी. एस. माथुर, सुरजीत चौधरी, सचिव अभिषेक कुमार, ओमोयो ओझा, शंभू मुखी, रुद्र प्रताप, जितेंद्र कुमार, शिव शंकर सिंह, संतोष कुमार, राघवेंद्र मिश्रा, संतोष कुमार सिंह, रवि भुइंया, सुमित शर्मा, राम प्रसाद जायसवाल, अपूर्वो पाल, सपन दास, तिलक कुमार दास, शैलेश गुप्ता, मिथुन कुमार, सुनील देबू का, सतीश मुखी, प्रमोद सिंह, इंद्रजीत सिंह, विजय वर्धा एवं सपन सरकार मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *