
पटमदा: बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत धोबनी गांव से मंगलवार को बरामद शव के मामले में पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर दिया है। धोबनी निवासी भावी सिंह की हत्या गांव की ही 3 महिलाओं ने मिलकर कर दी थी जिसके बाद शव को सड़क किनारे पुलिया के पास छुपा दिया गया था। थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि कुईयानी पंचायत के धोबनी गांव निवासी बुजुर्ग महिला भावी सिंह सोमवार को सुबह करीब 10 बजे अपने घर से पेंशन की राशि निकालने के लिए कुईयानी गांव स्थित सीएससी सेंटर जा रही थी। बुजुर्ग महिला के आरोपियों के घर पैदल पार करते ही उलासी सिंह, रवनी सिंह व सोमवारी सिंह ने उस पर पीछे से हमला कर दिया। इस दौरान एक महिला ने गर्दन एवं अन्य जगहों पर दावली (कटारी) से वार किया और उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद शव को बगल में ही पुलिया के पास झाड़ियों के बीच फेंक दिया। यह इलाका जंगलों के बीच का है जो हमेशा सुनसान ही रहता है और यही वजह है कि दिन के उजाले में हुई घटना पर किसी की भी नजर नहीं पड़ी। छानबीन के क्रम में पुलिस को मृतका के पुत्र द्वारा दी गई जानकारी एवं आरोपी महिलाओं से पहले से चली आ रही दुश्मनी की खबर के बाद शक के आधार पर तीनों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। तीनों ने हत्या की घटना को अंजाम देने की बात को पुलिस के समक्ष स्वीकार किया है। पुलिस ने गुरुवार को दोपहर में न्यायालय में पेश करने के पश्चात जेल भेज दिया। इससे पूर्व मृतका के पुत्र अर्जुन सिंह के बयान पर उलासी सिंह, रवनी सिंह व सोमवार सिंह के खिलाफ हत्या कर साक्ष्य छिपाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
