
जिला परिवहन कार्यालय की ओर से गुरुवार की शाम को चाईबासा शहर की पोस्ट ऑफिस चौक पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। वाहन जांच अभियान के दौरान चाईबासा के अनुमंडल पदाधिकारी अनिमेष रंजन और जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का भी मौजूद रहे। चाईबासा शहर में 5000 से ज्यादा ई रिक्शा चलता है, और इसमें से आधे ऐसे हैं जिनका ना तो रजिस्ट्रेशन है और ना ही उसके चालक के पास कोई लाइसेंस है। इनके कारण शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गई है। इसे नियंत्रित तरीके से चलवाना जिला प्रशासन के लिए भी एक चुनौती है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए चुनाव कार्य से फुर्सत मिलने के बाद जिला प्रशासन की टीम ई रिक्शा को व्यवस्थित करने में जुट गई है। जांच करने पहुंचे अनुमंडल पदाधिकारी और जिला परिवहन पदाधिकारी ने ई रिक्शा चालकों से बात की और उन्हें समझाया। परिवहन के नियमों के बारे में जानकारी देते हुए उसका पालन करने का निर्देश दिया। लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गयी।अनिमेष रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी, चाईबासा ई रिक्शा की जांच के साथ ही आज चार पहिया और दो पहिया वाहनों की भी जांच की गई। चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और हेलमेट की जांच की गई। जो लोग बिना हेलमेट के बाइक या स्कूटी चलाते पकड़े गए उन्हें समझाया गया और दोबारा ऐसी गलती नहीं करने की चेतावनी देते हुए छोड़ दिया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश इक्का ने लोगों को समझाया कि हेलमेट पहनना क्यों जरूरी है और दो पहिया वाहन पर तीन लोगों को नहीं चलना है। जिसके पास लाइसेंस नहीं है, वे बिना लाइसेंस के गाड़ी नहीं चलाएं। अपना लाइसेंस जरूर बनवा लें। जिला परिवहन पदाधिकारी ने जिले के लोगों से अपील किया कि यातायात के नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि यातायात के नियमों का पालन करने और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।