
जमशेदपुर : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा विभिन्न जनहित मुद्दों को लेकर धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने की। धरना-प्रदर्शन में मुख्य रूप से झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, जिला प्रभारी शशिभूषण राय सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
इस दौरान नेताओं ने राज्य में बढ़ रही चढ़ावा चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही MMDR (खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक-2026 को झारखंड के हितों के खिलाफ बताते हुए इसका विरोध किया। वक्ताओं ने कहा कि यह विधेयक राज्यों के अधिकारों को कमजोर करने वाला है तथा संघीय ढांचे की भावना के विपरीत है।
बन्ना गुप्ता ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और यहां के प्राकृतिक संसाधनों पर पहला अधिकार राज्य और यहां की जनता का है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियां राज्यों के अधिकारों में हस्तक्षेप कर रही हैं, जिससे झारखंड के आर्थिक हित प्रभावित हो सकते हैं।
जिला प्रभारी शशिभूषण राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राज्य के अधिकारों, जल-जंगल-जमीन और खनिज संपदा की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाने का आह्वान किया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए झारखंड के अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।