
जमशेदपुर में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 15 अगस्त को बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह को लेकर गुरुवार, 13 अगस्त को सुरक्षा व्यवस्था और परेड की तैयारियों का जायजा लिया गया।
इस दौरान उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर ने संयुक्त रूप से गोपाल मैदान पहुंचकर सुरक्षा बलों एवं विभिन्न टुकड़ियों द्वारा किए जा रहे परेड के पूर्वाभ्यास का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परेड की तैयारियों, टुकड़ियों के अनुशासन, मार्च-पास्ट तथा समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। समारोह स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक इंतजामों को लेकर भी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
15 अगस्त को गोपाल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण, परेड एवं विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। प्रशासन की ओर से समारोह को व्यवस्थित, सुरक्षित और भव्य बनाने के लिए लगातार तैयारियों की निगरानी की जा रही है।