कोलकाता में इलाज के दौरान घायल युवक की मौत, आक्रोशित लोगों ने बर्मामाइंस थाना का किया घेराव

Spread the love


जमशेदपुर: बर्मामाइंस मुस्लिम बस्ती निवासी एमडी आफताब का कोलकाता के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल आफताब को पहले जमशेदपुर में प्राथमिक उपचार दिया गया था। उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर किया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
आफताब के निधन की सूचना मिलते ही उनके परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक के साथ-साथ भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में बर्मामाइंस मुस्लिम बस्ती के लोग एकत्र होकर बर्मामाइंस थाना पहुंचे और घटना के विरोध में थाना का घेराव कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
मौके पर पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं, आफताब के निधन से पूरे इलाके में मातम का माहौल है और स्थानीय लोग जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *