
सरायकेला-खरसावां: जिले के सीनी थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ उसके ही 20 वर्षीय चचेरे भाई पर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। घटना के समय पीड़िता की चार वर्षीय छोटी बहन भी उसके साथ मौजूद थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराकर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्ची का परिवार पहले से ही गंभीर पारिवारिक संकट से गुजर रहा है। कुछ समय पूर्व उसकी मां की हत्या हो गई थी और इस मामले में बच्ची के पिता जेल में बंद हैं। इसके बाद से बच्चों की देखभाल और संरक्षण को लेकर उनके बड़े पिता और मामा के परिवार के बीच लगातार विवाद चल रहा था। दोनों परिवार एक ही गांव में आसपास रहते हैं और इसी विवाद के बीच यह घटना सामने आई।
बताया जा रहा है कि रविवार को दोनों परिवारों के बीच फिर कहासुनी और विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी बच्ची और उसकी चार वर्षीय छोटी बहन को बहाने से घर से कुछ दूरी पर ले गया, जहां उसने मासूम के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय छोटी बहन वहीं मौजूद थी।
घटना के बाद मामले को दबाने की कोशिश भी की गई, लेकिन सोमवार को दो परिवारों के बीच हुए मारपीट के मामले की जांच के लिए जब सीनी थाना पुलिस गांव पहुंची, तब पूछताछ के दौरान किसी ग्रामीण ने बच्ची के साथ हुई घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद थाना प्रभारी विनय कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गहन पूछताछ की, जिसमें पूरा मामला सामने आ गया।
पुलिस ने तत्काल आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। देर रात पीड़िता को चिकित्सीय जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, हालांकि रात अधिक होने के कारण मेडिकल परीक्षण नहीं हो सका। इसके बाद मंगलवार को आवश्यक चिकित्सीय प्रक्रिया पूरी कराई गई।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पीड़िता को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और चिंता का माहौल है।