सुमित अग्रवाल हत्याकांड का खुलासा, मुख्य साजिशकर्ता समेत दो गिरफ्तार

Spread the love

झारखंड के रामगढ़ जिले में चर्चित सुमित अग्रवाल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य साजिशकर्ताओं के रूप में चिन्हित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए दो चाकू और एक बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, नशीले कारोबार और रुपये के लेनदेन में वर्चस्व को लेकर हत्या की साजिश रची गई थी।

पुलिस के अनुसार, रामगढ़ थाना क्षेत्र के न्यू बगीचा में सुमित अग्रवाल की हत्या के मामले में उसकी पत्नी के बयान पर 29 जून 2026 को रामगढ़ थाना कांड संख्या 205/2026 दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)-2023 की धारा 103(1)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

अनुसंधान के दौरान पुलिस ने मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले में शामिल संदिग्धों की पहचान शुरू की। इसी क्रम में पुलिस ने पहले सूरज कुमार दास उर्फ छोटू, निवासी न्यू कॉलोनी बगीचा, रामगढ़ को गिरफ्तार किया था। उसे 1 अगस्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया था।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को हत्याकांड की साजिश में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सुमित कुमार सोनी और अभिषेक कुमार साव को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों को मामले में मुख्य साजिशकर्ताओं के तौर पर चिन्हित किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दो चाकू और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की। बरामद सामान को पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया है।

पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय)अकरम रजा के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नशीले कारोबार और रुपये के लेनदेन में वर्चस्व को लेकर विवाद के बाद हत्या की साजिश रची गई थी। हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है और जल्द ही मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *