मानगो में चाकूबाजी, युवक घायल; डेंड्राइट के नशे में वार करने का आरोप

Spread the love


जमशेदपुर: मानगो के पंजाबी लाइन क्षेत्र में सोमवार को चाकूबाजी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना में पंजाबी लाइन निवासी 22 वर्षीय राहुल तंतूबाई गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि वर्कर्स कॉलेज के सामने दो युवकों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया।
घायल राहुल ने आरोप लगाया कि पंजाबी लाइन निवासी रौशन और रवि गोराई (21) ने उन पर हमला किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रौशन के हाथ में चाकू था, जिससे उसने राहुल पर वार कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
राहुल के दोस्त अमन सिंह ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हमला करने वाले युवक डेंड्राइट के नशे में थे और नशे की हालत में इस वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी और युवाओं के बीच चाकूबाजी जैसी घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *