
जमशेदपुर। वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर सामुदायिक पुलिसिंग के तहत बागबेड़ा थाना क्षेत्र में नशा मुक्ति अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाध्यक्ष (विधि-व्यवस्था) ने किया। इस दौरान पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों और मोहल्लों में पहुंचकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
अभियान के दौरान ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें बताया गया कि नशे की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर असर पड़ता है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास नशे के अवैध कारोबार या नशीले पदार्थों के सेवन की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
पुलिस ने युवाओं से विशेष रूप से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया। ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए पुलिस को सहयोग का भरोसा दिलाया।
पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से लोगों को जागरूक कर नशामुक्त और सुरक्षित समाज बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
