बिस्टुपुर में देर रात पुलिस का सघन अभियान, अड्डाबाजी और नशाखोरी के खिलाफ कार्रवाई तेज


जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर शहर में बढ़ते अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बिस्टुपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात विशेष अभियान चलाया गया। रात 10 बजे के बाद पुलिस टीम ने क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों, सड़क किनारे लगने वाले अड्डों और संदिग्ध गतिविधियों वाले स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस ने अड्डाबाजी करने वाले युवकों से पूछताछ की, संदिग्ध लोगों की जांच की और सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। साथ ही वाहन जांच भी की गई तथा लोगों को कानून का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में शहर में अपराध की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। देर रात होने वाली अड्डाबाजी, नशाखोरी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर पुलिस की विशेष नजर है। ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे ताकि शहर में शांति व्यवस्था कायम रहे और आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *