
जमशेदपुर: चर्चित हिमांशु हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के अंतिम फरार आरोपी राघवेंद्र ने मंगलवार को बिष्टुपुर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। इसके साथ ही पुलिस ने इस हत्याकांड में नामजद सभी प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार या आत्मसमर्पण कराने में सफलता हासिल कर ली है।पुलिस के अनुसार, अब तक इस मामले में कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है। वहीं मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल, राहुल दुबे और राघवेंद्र ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। इन सभी से पूछताछ के आधार पर पुलिस मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।बताया जा रहा है कि जांच लगभग पूरी हो चुकी है और पुलिस जल्द ही इस बहुचर्चित हत्याकांड का आधिकारिक खुलासा कर सकती है। जांच के दौरान घटना में शामिल सभी आरोपियों की भूमिका, हत्या की साजिश और वारदात के पीछे के कारणों का भी खुलासा होने की संभावना है।गौरतलब है कि 7 जून को बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हिमांशु की दिनदहाड़े बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि हमलावरों ने उसे पुलिस वाहन से उतारने के बाद धारदार चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया था। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे शहर में आक्रोश फैल गया था और पुलिस पर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भारी दबाव था।अब अंतिम आरोपी के आत्मसमर्पण के बाद पुलिस इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड का जल्द खुलासा करने की तैयारी में है। शहरवासियों की नजरें अब पुलिस की प्रेस वार्ता पर टिकी हैं, जिसमें हत्या की पूरी साजिश और सभी आरोपियों की भूमिका से पर्दा उठाया जा सकता है।