जमशेदपुर में 16 जुलाई को जगन्नाथ रथ यात्रा, कई मार्ग रहेंगे बंद; ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया डायवर्जन प्लान

Spread the love

जमशेदपुर: भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु की वार्षिक रथ यात्रा के मद्देनज़र 16 जुलाई 2026 (गुरुवार) को जमशेदपुर शहर की यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। पूर्वी सिंहभूम ट्रैफिक पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में सुचारु यातायात बनाए रखने के लिए विस्तृत डायवर्जन प्लान जारी किया है। रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, महिलाओं और बच्चों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

जारी आदेश के अनुसार, भोल्टास से छगलालाल होते हुए रिगल गोलचक्कर तक दोनों मार्ग पूरी तरह बंद रहेंगे। जुगसलाई से साकची और बिष्टुपुर जाने वाले वाहनों को खरकई, मैला टंकी, तुलसी भवन, सोनेट होटल, धतकीडीह, लोयोला स्कूल और जुबली पार्क होकर भेजा जाएगा।

साकची से जुगसलाई जाने वाले वाहनों को रिगल गोलचक्कर, तुलसी भवन, मैला टंकी, खरकई और भोल्टास के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। वहीं गोलमुरी और मानगो से बिष्टुपुर जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। मानगो की ओर से आने वाले वाहन मरीन ड्राइव होकर बिष्टुपुर और जुगसलाई पहुंचेंगे।

रथ यात्रा जब बड़ी हनुमान मंदिर से मानगो चौक होते हुए डिमना चौक की ओर बढ़ेगी, तब साकची से आने वाले वाहनों को मानगो थाना और पारडीह चौक की ओर मोड़ा जाएगा। वहीं रथ के डिमना चौक से ट्रांसपोर्ट नगर और राजस्थान भवन की ओर बढ़ने के दौरान डिमना चौक से आने वाले वाहनों को वहीं रोककर पारडीह चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

सुंदरनगर की ओर से साकची और बिष्टुपुर आने वाले वाहनों को करणडीह चौक, धाधीडीह जेल, पानी टंकी, मजार, केंद्रीय विद्यालय और चाईबासा बस स्टैंड होते हुए रेलवे स्टेशन की ओर भेजा जाएगा। दोपहिया वाहनों के लिए भी अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।

ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि 16 जुलाई को नो-एंट्री का समय दोपहर 2:00 बजे से रात 11:00 बजे तक प्रभावी रहेगा। रथ यात्रा समाप्त होने के बाद पूर्व निर्धारित नो-एंट्री व्यवस्था पुनः लागू कर दी जाएगी।

इसके अलावा सभी यातायात थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि रथ यात्रा के दौरान एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए विशेष वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित करें। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करें और आवश्यकता होने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *