जमशेदपुर में CBI की छापेमारी, साइबर ठगी मामले में युवक से पूछताछ, टुईलाडूंगरी में कई ठिकानों पर जांच

Spread the love


जमशेदपुर: शहर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित सरस्वती नगर, टुईलाडूंगरी में मंगलवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की टीम ने साइबर ठगी से जुड़े एक मामले की जांच के तहत कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने राजदीप नामक युवक को हिरासत में लेकर उससे गहन पूछताछ शुरू की। CBI की इस कार्रवाई से पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जांच में सामने आया है कि जिस मोबाइल सिम कार्ड का कथित तौर पर साइबर ठगी के लिए इस्तेमाल किए गए बैंक खाते को खोलने में उपयोग हुआ था, वह राजदीप के नाम पर पंजीकृत है। इसी आधार पर CBI की टीम उससे पूछताछ कर रही है। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मामले में प्रत्यक्ष संलिप्तता है या उसका नाम केवल दस्तावेजों में सामने आया है।
इसी क्रम में CBI की एक अन्य टीम टुईलाडूंगरी निवासी जसबीर सिंह के घर भी पहुंची, जहां अधिकारियों ने आवश्यक पूछताछ के साथ दस्तावेजों की जांच की। फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि जसबीर सिंह का इस मामले से क्या संबंध है या उनसे केवल जांच के सिलसिले में जानकारी ली गई है।
CBI अधिकारियों ने अभी तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। एजेंसी पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। जांच पूरी होने और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि साइबर ठगी के इस मामले में किन-किन लोगों की भूमिका रही है और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *