जुगसलाई में कपड़ा दुकान पर फायरिंग मामले का खुलासा, मनीष सिंह गिरोह के 6 अपराधी गिरफ्तार

Spread the love

जुगसलाई थाना क्षेत्र के नगर परिषद बाजार स्थित यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान पर रंगदारी नहीं देने पर की गई फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में मनीष सिंह गिरोह से जुड़े छह अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

घटना 15 मई को हुई थी, जब पांच अपराधी मैरून रंग की वैगनआर कार से दुकान पर पहुंचे थे। आरोपियों ने व्यवसायी से रंगदारी की मांग की थी और पैसे नहीं देने पर इलाके में अपना वर्चस्व कायम करने के लिए फायरिंग कर दी थी। घटना के बाद जुगसलाई थाना में मामला दर्ज किया गया था और जांच के लिए विशेष टीम बनाई गई थी।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद 19 मई को अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन, राहुल सिंह उर्फ बडकू, हरप्रीत सिंह भामराह उर्फ हैप्पी, राहुल सिंह उर्फ गेटलु, अंकित सोनकर और बानेश्वर नामता शामिल हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से घटना में प्रयुक्त मैरून रंग की Maruti Suzuki WagonR कार, चार देशी पिस्तौल, पांच जिंदा गोलियां, तीन खाली मैगजीन, एक खोखा और छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

जांच में सामने आया है कि आरोपी शहर में दहशत फैलाकर व्यवसायियों से रंगदारी वसूलना चाहते थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कई का आपराधिक इतिहास भी रहा है और विभिन्न थानों में इनके खिलाफ पहले से मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *