जेम्को के मिश्रा बगान में ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन राउंड गोलियां चलाकर फरार हुए बदमाश

Spread the love

जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत जेम्को स्थित मिश्रा बगान में शुक्रवार की रात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी. घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है. हालांकि इस फायरिंग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

जानकारी के अनुसार बाइक से पहुंचे दो अपराधियों ने इलाके में पहुंचते ही तीन राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा- तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किया.

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके. प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को घटना का कारण माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि मिश्रा बगान इलाके में जमीन को लेकर दो गुटों के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था.

घटना स्थल के पास ही झारखंड मुक्ति मोर्चा का कार्यालय भी स्थित है, जिसके कारण इलाके में सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *