खूंटी में प्रतिबंधित PLFI उग्रवादी संगठन के 3 सदस्य गिरफ्तार, हथियार, गोली और अन्य सामग्री बरामद

Spread the love

जिले में बचे खुचे पीएलएफआई उग्रवादियों को खूंटी पुलिस एसआईटी के माध्यम से अभियान चलाकर सलाखों के पीछे भेजने में जुटी है। इसी क्रम में खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पी.एल.एफ.आई. (PLFI) के तीन हार्डकोर सदस्यों को तोरपा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी क्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में बनी संयुक्त छापामारी टीम (तोरपा अंचल टीम, कर्रा थाना, रनियां थाना, खूंटी तकनीकी शाखा और जरियागढ़ थाना) ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हार्डकोर उग्रवादियों के पास से एक देशी कट्टा, दो कारतूस, दो मोबाइल, पीएलएफआई पर्चा और एक पहचान पत्र बरामद किया है।

प्रेस ब्रीफ में खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि बुधवार छह मई को उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि कर्रा थाना क्षेत्र के एक जंगल में पीएलएफआई संगठन के सदस्य किसी बड़ी घटना को अंजाम देने एवं लेवी वसूली की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन उग्रवादियों को मौके से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे पूर्व में भी कई उग्रवादी घटनाओं में शामिल रहे हैं, जिसमें पुलिस पर फायरिंग की घटनाएं भी शामिल हैं। साथ ही 30 अप्रैल को कर्रा थाना क्षेत्र के कटमकुट्टू के समीप रेलवे के कार्य में लगे खड़े वाहनों पर फायरिंग, आगजनी और पर्चा चिपकाने की घटना में सभी हार्डकोर उग्रवादी शामिल थे। साथ ही तोरपा थाना क्षेत्र में पीएलएफआई उग्रवादियों द्वारा गैस गोदाम संचालक के वाहन में भी गोली चलाने की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में कर्रा थाना और तोरपा थाना में अलग अलग मामले दर्ज किए गए थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी सेमुअल गुड़िया पहले भी उग्रवादी गतिविधियों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में भी कई मामला दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *