
जमशेदपुर शादी की खुशियां अभी फीकी भी नहीं पड़ी थीं कि एक नवविवाहित दंपत्ति के साथ ऐसा हादसा हो गया, जिसने उनके सफर को सदमे में बदल दिया। ट्रेन संख्या बिलासपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के थर्ड एसी कोच (बी5) में सफर कर रही नई नवेली दुल्हन के गहनों से भरा बैग रहस्यमय तरीके से गायब हो गया।
घटना की जानकारी सोमवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाने पहुंची, जिसके बाद रेल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित दंपत्ति दानापुर निवासी स्वराज सुमन और ऋचा कुमारी हैं, जो इस घटना के बाद काफी परेशान हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों अपनी शादी के बाद पहली बार किसी पारिवारिक समारोह में शामिल होने टाटानगर आ रहे थे। ऋचा के फुफेरे भाई की शादी गोलमुरी में होनी है। लेकिन इस खुशी के सफर में ही बड़ा झटका लग गया।
दंपत्ति के अनुसार, घटना मोकामा रेलवे स्टेशन के पास हुई। रातभर के सफर के बाद सुबह करीब 5 बजे जब उनकी नींद खुली, तो गहनों से भरा बैग गायब था। बैग में करीब 30 लाख रुपये के आभूषण होने का दावा किया गया है।
चोरी की खबर मिलते ही कोच में अफरा-तफरी मच गई। आरपीएफ ने तत्काल जांच शुरू की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया।
टाटानगर पहुंचने के बाद दंपत्ति ने जीआरपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। अब रेल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही मोकामा स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
नई जिंदगी की शुरुआत के साथ हुआ यह हादसा दुल्हन और उसके परिवार के लिए गहरा सदमा बन गया है, वहीं एसी कोच में हुई इस चोरी ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
