टिनप्लेट कंपनी गेट पर मजदूरों का प्रदर्शन: बकाया भुगतान और बहाली की मांग, आंदोलन की चेतावनी

Spread the love

जमशेदपुर में संयुक्त ट्रेड यूनियन के बैनर तले मजदूरों ने टिनप्लेट कंपनी गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और ज्ञापन सौंपा।
मजदूर नेता अंबुज ठाकुर ने बताया कि नर्सरी विभाग में कार्यरत सभी श्रमिक मेसर्स ए.बी. कंस्ट्रक्शन के अंतर्गत अगस्त 2019 से 31 अक्टूबर 2025 तक लगातार काम करते रहे। इसके बाद 31 अक्टूबर 2025 को अचानक उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं। श्रमिकों का आरोप है कि नियमानुसार उन्हें अंतिम पावना (फाइनल सेटलमेंट) मिलना चाहिए था, लेकिन अब तक भुगतान नहीं किया गया है।
मजदूरों के अनुसार, सेवा समाप्ति के बाद एक अन्य ठेकेदार को छह माह के लिए नर्सरी कार्य का जिम्मा मिला, जिसमें वे दोबारा काम करते रहे। वर्तमान में फिर से ए.बी. कंस्ट्रक्शन को ठेका दिया गया है, लेकिन ठेका मिलने के बावजूद 16 मजदूरों को वापस काम पर नहीं रखा जा रहा है और उनके बकाया भुगतान भी लंबित हैं।
प्रदर्शनकारी मजदूरों ने कहा कि वे वर्षों से टिनप्लेट कंपनी में कार्यरत रहे हैं और इस दौरान कई ठेकेदार बदले, लेकिन उन्हें लगातार काम मिलता रहा। अब अचानक काम से हटाए जाने के कारण उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
मजदूर नेता अंबुज ठाकुर ने चेतावनी देते हुए कहा कि फिलहाल प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा गया है। यदि 15 दिनों के भीतर मजदूरों को काम पर वापस नहीं लिया गया और बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो संयुक्त ट्रेड यूनियन के बैनर तले जोरदार आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *