जुगसलाई में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, पिस्टल और जिंदा गोली बरामद

Spread the love

जमशेदपुर के जुगसलाई थाना पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से देशी पिस्टल, जिंदा गोली और अन्य सामान बरामद किया गया है। दरअसल, वरीय पुलिस अधीक्षक पूर्वी सिंहभूम को जुगसलाई थाना क्षेत्र के पार्वती घाट से गरीब नवाज कॉलोनी जाने वाले रास्ते पर अपराधियों के लगातार आवाजाही की गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जुगसलाई थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने इलाके में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक सफेद रंग की हुंडई वरना कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान गाड़ी से एक 7.65 एमएम का अवैध देशी पिस्टल, एक मैगजीन और एक जिंदा गोली बरामद की गई। मौके से पुलिस ने मो. शहजादा नामक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया, जो गरीब नवाज कॉलोनी का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद सामानों में पिस्टल, मैगजीन, जिंदा गोली, एक कार और एक आईफोन मोबाइल शामिल है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि वह इस अवैध हथियार के साथ किस मंशा से इलाके में घूम रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *