
जमशेदपुर में सिख समाज ने गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व की तैयारी बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ शुरू कर दी है। इस पवित्र अवसर पर शहर के सभी गुरुद्वारों में सजावट और धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जा चुकी है।
सोनारी गुरुद्वारा से 5 नवम्बर की सुबह भव्य नगर कीर्तन एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह नगर कीर्तन सोनारी से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों — बिष्टुपुर, साकची, होते हुए सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी साकची तक पहुंचेगा। नगर कीर्तन के दौरान सिख समाज के श्रद्धालु गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी सजाकर कीर्तन दरबार का आयोजन करेंगे।
इस ऐतिहासिक शोभायात्रा में जमशेदपुर के 34 गुरुद्वारों, 11 सिख स्कूलों और 21 स्त्री संगत समूहों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। शोभायात्रा में झांकियां, निहंग सिखों की गतका प्रदर्शन, बच्चों और युवाओं द्वारा धार्मिक प्रस्तुतियां और सेवा पंडाल मुख्य आकर्षण होंगे।
नगर कीर्तन के स्वागत में शहर के विभिन्न मार्गों पर तोरण द्वार (स्वागत द्वार) बनाए जा रहे हैं। सोनारी, बिष्टुपुर, साकची और अन्य मार्गों को झालर, फूल और धार्मिक झंडों से सजाया जा रहा है। नगर निगम और पुलिस प्रशासन के सहयोग से मार्गों की सफाई, ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा की तैयारी भी जोर-शोर से चल रही है।
शोभायात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर लंगर सेवा और जल सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सिख नौजवान सभा, स्त्री सत्संग समितियाँ और स्वयंसेवी संगठन इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
जमशेदपुर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (CGPC) की ओर से शहरवासियों से अपील की गई है कि वे इस पवित्र अवसर पर नगर कीर्तन में शामिल होकर गुरु नानक देव जी के उपदेशों – “नाम जपो, किरत करो और वंड छको” का संदेश जन-जन तक पहुँचाने में सहयोग करें।
