शहर में अपराध पर नकेल कसने के लिए चलाये जा रहे अभियान के तहत बिष्टुपुर थाना पुलिस ने बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिलों से हो रही चोरी और छिनतई पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को रंगे हाथ पकड़ने में सफलता हासिल की है

गिरफ्तार आरोपियों में हरहरगुटु, बरौदाघाट बागबेड़ा निवासी अंकित यादव (19 वर्ष) और बलदेव बस्ती, जुगसलाई निवासी सागरनाथ (20 वर्ष) शामिल हैं।घटना 26 अक्टूबर की रात करीब 10:45 बजे की है। जेआरडी टाटा मेन गेट के पास मोदी पार्क के पीछे रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध हालत में दो युवकों को दो अलग-अलग स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिलों के साथ पकड़ा। इनमें से एक बाइक ग्रे-काले रंग की बिना नंबर प्लेट थी, जबकि दूसरी पर जेएच 05 बीएम 5662 नंबर दर्ज था।पुलिस जांच व दस्तावेजों के सत्यापन के बाद दोनों मोटरसाइकिलों को चोरी की होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने वाहनों को जब्त करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर दी।बिष्टुपुर पुलिस को लगातार गुप्त सूचना मिल रही थी कि शहर में बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल चोरी और छिनतई में हो रहा है। इस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश और नगर पुलिस अधीक्षक के आदेश के तहत पु. उपाधीक्षक (सीसीआर) के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी टीम गठित की गई थी। टीम ने शहरभर में सख्त एंटी क्राइम चेकिंग शुरू की, जिसके परिणामस्वरूप यह सफलता मिली।दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों की संलिप्तता अन्य चोरी की घटनाओं से भी जुड़ी है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *