
विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के पदाधिकारी भी सहयोग हेतु केंद्रीय समिति में हुए शामिल, नशामुक्त और भव्य आयोजन पर समिति का जोर
जमशेदपुर। आगामी रामनवमी महोत्सव की भव्य एवं सुव्यवस्थित तैयारी को लेकर केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति की कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को साकची स्थित होटल दयाल इंटरनेशनल में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष आशुतोष सिंह ने की एवं संचालन महासचिव भूपेंद्र सिंह ने किया। बैठक में रामनवमी महोत्सव को भव्य, अनुशासित और शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा कई महत्वपूर्ण निर्णयों पर सर्वसम्मति बनी। बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष आशुतोष सिंह ने पिछले वर्ष आयोजित रामनवमी अखाड़ा जुलूस की सफलता का उल्लेख करते हुए सभी अखाड़ा समितियों, पदाधिकारियों और प्रशासन के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि बीते वर्ष आयोजन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से संपन्न हुआ, जो सभी समितियों के समन्वय और समर्पण का परिणाम था। साथ ही उन्होंने पिछले वर्ष कुछ स्थानों पर आई कमियों और अखाड़ों को हुई असुविधाओं पर भी चर्चा करते हुए इस वर्ष की तैयारियों को और बेहतर बनाने का आह्वान किया।
बैठक में समिति के संरक्षक नीरज सिंह ने सभी जोनल पदाधिकारियों और अखाड़ा समितियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले वर्ष सभी अखाड़ा समितियों ने अनुशासन और समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि सभी समितियों के सहयोग से एक ही दिन में विसर्जन कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया, जो केंद्रीय समिति के प्रति सभी के विश्वास का प्रतीक है।
महासचिव भूपेंद्र सिंह ने कहा कि विगत 50 वर्षों से अखाड़ा समितियों ने केंद्रीय अखाड़ा समिति पर जो विश्वास जताया है, वह सराहनीय है। पिछले वर्ष भी केंद्रीय समिति के आह्वान पर कुछ समितियों को छोड़कर अधिकांश अखाड़ा समितियों ने एक ही दिन में विसर्जन कार्यक्रम सम्पन्न कराया, जो संगठनात्मक एकता और अनुशासन का जीवंत उदाहरण है।
बैठक में रामनवमी महोत्सव को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। समिति ने इस वर्ष नशामुक्त रामनवमी महोत्सव मनाने का संकल्प लेते हुए सभी अखाड़ा संचालकों से अपील की कि ध्वज एवं उससे संबंधित रस्सी को केवल शुद्ध और सात्विक व्यक्तियों द्वारा ही शोभायात्रा में उठाया जाए। साथ ही महोत्सव में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया, जिससे नारी शक्ति के सम्मान का संदेश समाज तक पहुंचे और आयोजन की भव्यता भी बढ़े।
इसके अलावा प्रत्येक थाना क्षेत्र में केंद्रीय समिति की टीम गठित करने का निर्णय लिया गया, जो अखाड़ा समितियों की शोभायात्रा के दौरान उनके साथ रहकर सहयोग करेगी। समिति के प्रत्येक पदाधिकारी को पांच-पांच अखाड़ा समितियों की जिम्मेदारी दी गई है, जो कलश यात्रा से लेकर शोभायात्रा तक आयोजन को सफल बनाने में समन्वय स्थापित करेंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि केंद्रीय समिति के सोशल मीडिया प्रभारी एवं सह प्रभारी विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैलने वाली भ्रामक एवं विवादित खबरों पर नजर रखेंगे तथा ऐसी सूचनाओं की जानकारी तुरंत जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएंगे, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति से बचा जा सके।
इसके अतिरिक्त गैर-लाइसेंसी अखाड़ा समितियों को लाइसेंस दिलाने के लिए जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित करने, जोनल बैठकों के माध्यम से संभावित समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने, विसर्जन मार्ग का पूर्व निरीक्षण कर संभावित अवरोधों की जानकारी एकत्र करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष समन्वय स्थापित कर आयोजन को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने का भी निर्णय लिया गया। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर अखाड़ा समितियों को सहयोग देने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने पर सहमति बनी।
बैठक के दौरान केंद्रीय समिति के कार्यों और संगठनात्मक भूमिका को देखते हुए विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने भी केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति में शामिल होने का निर्णय लिया। समिति के मुख्य संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह द्वारा उन्हें विधिवत समिति में पदाधिकारी के रूप में शामिल किया गया।
नई जिम्मेदारियों के तहत पप्पू सिंह, नित्यानंद सिन्हा एवं डॉ. संतोष गुप्ता को सलाहकार बनाया गया। जनार्दन पांडेय को साउथ जोन ए का प्रभारी, अवतार सिंह को वेस्ट जोन ए का प्रभारी, आदित्य वर्मा को सह सचिव एवं जोनल संयोजक तथा धर्म कुमार, राहुल कश्यप और टी. विशाल राव को सह सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक के अंत में कोषाध्यक्ष शंभू मुखी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी पदाधिकारियों और उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया तथा सभी से मिलकर रामनवमी महोत्सव को ऐतिहासिक और भव्य बनाने का आह्वान किया।
बैठक में मुख्य रूप से मुख्य संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, संरक्षक नीरज सिंह, रामबाबू तिवारी, पवन सिंह, दिवाकर सिंह, भास्कर मुखी, संयोजक प्रमोद तिवारी, उपाध्यक्ष गौतम प्रसाद, परमात्मा मिश्रा, धर्मेंद्र प्रसाद अशोक सिन्हा, नंदलाल सिंह, कोषाध्यक्ष शंभू मुखी, प्रेम झा, अंकेक्षक प्रदीप दास, सचिव अभिषेक सिंह, ओमियो ओझा, अर्जुन शर्मा राघवेंद्र मिश्रा, सत्येंद्र कुमार, सोशल मीडिया सह प्रभारी सतीश मुखी विजय वर्धा, हर्ष नायडू, मां मनसा मंदिर अखाड़ा समिति से शिव शंकर सिंह, नार्थ जोन से सुनील सिंह, रजीव सिंह, ईस्ट जोन संयोजक बलराम रजक (रजक समाज अखाड़ा), सह-संयोजक कृष्णा बारीक (वनराज अखाड़ा), न्यू मार्केट अखाड़ा से के. नरसिम्हा राव, सेंट्रल जोन ‘बी’ संयोजक शैलेश गुप्ता (अमर ज्योति अखाड़ा), महेंद्र रजक (रजक अखाड़ा), दीपक यादव (वीरमंच अखाड़ा), राजू यादव (शिवलाल अखाड़ा), जय राज कुमार (रोहन अखाड़ा), कामेश्वर लाल (जोहन अखाड़ा), सपन दास (समाई झोपड़ी अखाड़ा), संतोष कुमार (संतोष अखाड़ा), राकेश सिंह (जय मंगल अखाड़ा), मनोज खत्री (बजरंग अखाड़ा गोलमुरी), श्याम लाल (देना अखाड़ा), विक्की सोना (कलिंगा अखाड़ा), कैलाश सिंह (संकट मोचन अखाड़ा), इंदरजीत सिंह, मोहन कुमार (शीतला मंदिर अखाड़ा, गाढ़ाबासा) मंगलनाथ मुखी (वीर बजरंग अखाड़ा), राजू सिंह (शिव हनुमान मंदिर अखाड़ा), अशोक पांडेय (शिव-दुर्गा अखाड़ा), कमलेश यादव (नंदनगर अखाड़ा), रवि भूंइया एवं धर्मजीत कुमार व अन्य उपस्थित थे।
