
बताया जा रहा है कि तेतलो गांव में नकली अंग्रेजी शराब बनाने वाली मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है. मौके से निरंजन गोराई और प्रकाश कुमार गुप्ता को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया. इस दौरान भारी मात्रा में नकली अंग्रेजी शराब और निर्माण में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि दुर्गा पूजा के दौरान शराब की बढ़ती मांग को देखते हुए यहां नकली शराब तैयार की जा रही थी और इसे नीमडीह और चांडिल क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था. पुलिस ने नीमडीह थाना कांड संख्या 53/2025 दर्ज कर लिया है और मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है. पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से अपील की है कि दुर्गा पूजा के दौरान अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.
