सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर थाने की पुलिस ने बीते मंगलवार को विद्युत नगर न्यू बस्ती में हुए गोलीकांड मामले का खुलासा करते हुए तीन अपराध कर्मियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया

सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर थाने की पुलिस ने बीते मंगलवार को विद्युत नगर न्यू बस्ती में हुए गोलीकांड मामले का खुलासा करते हुए तीन अपराध कर्मियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस की गिरफ्त में आए अपराध कर्मियों का नाम बच्चा भाई उर्फ सोनू वर्मा, अंगद कुमार उर्फ लक्की एवं संतोष महतो बताया जा रहा है. पुलिस ने उक्त घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा भी बरामद किया है. इसकी जानकारी देते हुए थाना प्रभारी राजन कुमार ने बताया कि बीते 7 फरवरी को सूचना मिली थी, कि विद्युत नगर न्यू बस्ती में गोली लगने से एक व्यक्ति घायल हुआ है. सूचना के आलोक में पेट्रोलिंग पार्टी को घटनास्थल पर भेजा गया. जहां बोंगो सवैया उर्फ भगवान सवैया घायल अवस्था में पाया गया जिसे तत्काल इलाज हेतु एमजीएम अस्पताल भेजा गया. उन्होंने बताया कि कांड के उद्भेदन को लेकर एक टीम का गठन किया गया. टीम ने प्रोफेशनल तरीके से अनुसंधान करते हुए तीनों अपराध कर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि 2020 में पांडे सरदार नामक युवक की हत्या हुई थी. उसी का बदला लेने के उद्देश्य से भगवान सवैया को गोली मारी गई थी. उन्होंने बताया कि भगवान का आपराधिक इतिहास रहा है. यह गोलीकांड उसी का नतीजा है. फिलहाल भगवान सवैया का रिम्स में इलाज चल रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *