सोनारी में दिनदहाड़े चेन छिनतई, बाइक सवार दो बदमाश महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार


जमशेदपुर सोनारी थाना क्षेत्र के बाल विहार, कुंज नगर में बुधवार सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और तेज रफ्तार से फरार हो गए। घटना एसके मैन्स पार्लर स्थित काली मंदिर के समीप की बतायी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, महिला वहां से गुजर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उसके पास पहुंचे और मौका मिलते ही गले से सोने की चेन झपट ली। अचानक हुई छिनतई से महिला ने शोर मचाया, लेकिन आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचते, दोनों बदमाश बाइक से फरार हो चुके थे।
दिनदहाड़े हुई चेन छिनतई की घटना से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलने के बाद सोनारी पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से जानकारी ली।
पुलिस ने बदमाशों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस बाइक और बदमाशों के हुलिए के आधार पर भी सुराग जुटा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *