
जमशेदपुर मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक से मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़ित युवक ने तत्काल इसकी सूचना उलीडीह थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेते हुए आसपास के क्षेत्रों में छानबीन शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
बताया जा रहा है कि बाइक सवार बदमाश युवक के पास पहुंचे और मौका मिलते ही उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। घटना दिनदहाड़े होने के कारण स्थानीय लोगों में भी चिंता देखी गई।
इधर, एक ही दिन में शहर के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छिनतई की घटनाएं सामने आने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। सोनारी थाना क्षेत्र में भी बाइक सवार बदमाशों द्वारा एक महिला से सोने की चेन छीनने की घटना सामने आई है। वहीं, उलीडीह में युवक से मोबाइल की छिनतई की वारदात ने शहर में सक्रिय छिनतई गिरोह को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।