
जमशेदपुर 734 करोड़ रुपये के कथित जीएसटी घोटाले से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रांची टीम ने बुधवार सुबह झारखंड और पश्चिम बंगाल में एक साथ छापेमारी शुरू की। जांच एजेंसी की कार्रवाई जमशेदपुर के तीन और पश्चिम बंगाल के चार ठिकानों पर चल रही है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई कोलकाता के कारोबारी शिव कुमार देवड़ा और अन्य आरोपियों से जुड़े मामले की जांच के क्रम में की जा रही है। ईडी की टीम जिन ठिकानों पर पहुंची है, उनका संबंध ज्ञान चंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल, उनके अकाउंटेंट संजय पारेख तथा अन्य संबंधित लोगों से बताया जा रहा है।
जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर ईडी को कथित तौर पर पता चला कि वास्तविक माल की आपूर्ति किए बिना ऐसी कंपनियों से इनवाइस हासिल किए गए, जिनके अस्तित्व पर सवाल हैं। इन कथित फर्जी इनवाइस के माध्यम से नकली जीएसटी इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ लेने का आरोप है।
छापेमारी के दौरान ईडी की टीमें संबंधित परिसरों में दस्तावेज, कारोबारी रिकॉर्ड और अन्य कागजातों की जांच कर रही हैं। जांच एजेंसी द्वारा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की भी पड़ताल किए जाने की बात सामने आ रही है।
हालांकि, छापेमारी के दौरान अब तक क्या-क्या बरामद हुआ है, इसकी आधिकारिक जानकारी ईडी की ओर से जारी नहीं की गई है। कार्रवाई पूरी होने के बाद जांच एजेंसी की ओर से बरामदगी और जांच से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा किए जाने की संभावना है।