
जमशेदपुर शहर में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए बिष्टुपुर ट्रैफिक थाना पुलिस ने मोडिफाइड साइलेंसर लगे दोपहिया वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत अब तक आठ ऐसे वाहनों पर कार्रवाई की गई है, जिनमें नियमों के विपरीत मोडिफाइड साइलेंसर लगाए गए थे।
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के अनुसार मोडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज और कर्कश आवाज न केवल ध्वनि प्रदूषण को बढ़ाती है, बल्कि आम लोगों, बुजुर्गों, मरीजों और विद्यार्थियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में वाहनों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने दोपहिया वाहनों में कंपनी द्वारा निर्धारित मानक साइलेंसर का ही उपयोग करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मोडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस का उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।