झारखंड की शिक्षा व्यवस्था पर मंथन के लिए 6 सितंबर को होगा ‘फैक्ट फाइंडिंग सेमिनार’ : सरयू राय

Spread the love


जमशेदपुर झारखंड की शिक्षा व्यवस्था में मौजूद चुनौतियों और उनके समाधान पर गंभीर चर्चा के उद्देश्य से 6 सितंबर को जमशेदपुर में ‘फैक्ट फाइंडिंग सेमिनार’ आयोजित किया जाएगा। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में इसकी जानकारी देते हुए कहा कि यह सेमिनार स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट और नेचर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
सरयू राय ने बताया कि सेमिनार का मुख्य उद्देश्य शिक्षा क्षेत्र में व्याप्त कमियों की पहचान करना और उनके समाधान के लिए सरकार को ठोस सुझाव देना है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में रांची में विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों को भी इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है, ताकि वे अपने असंतोष के कारणों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को सीधे साझा कर सकें।
उन्होंने बताया कि सेमिनार में झारखंड के तीन प्रमुख विश्वविद्यालयों के कुलपति भी भाग लेंगे। इनमें रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सरोज शर्मा, विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. चंद्रभूषण शर्मा और झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह शामिल हैं। एक ही मंच पर तीन कुलपतियों की मौजूदगी को उन्होंने इस कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि बताया।
सरयू राय ने शिक्षकों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि विभिन्न सरकारी कार्यों में लगातार प्रतिनियुक्ति के कारण शिक्षक अपने मूल दायित्व, यानी विद्यार्थियों को पढ़ाने, से दूर होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच संवाद और शैक्षणिक जुड़ाव में कमी आई है, जिसका सीधा असर शिक्षा की गुणवत्ता पर पड़ रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे पंजीकरण से होगी। उद्घाटन सत्र सुबह 10 से 11 बजे तक चलेगा। इसके बाद प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा पर पहला सत्र और उच्च शिक्षा व छात्र-युवा असंतोष पर दूसरा सत्र आयोजित होगा। भोजनावकाश के बाद तीसरे सत्र में शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा तथा प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। आयोजन समिति ने जिले के विभिन्न विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *