
जमशेदपुर, 2 सितंबर: झारखंड सरकार की नीतियों के विरोध में बुधवार शाम आजसू छात्र मोर्चा, पूर्वी सिंहभूम के नेतृत्व में साकची स्थित सुभाष मैदान में विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार का पुतला दहन कर अपनी नाराजगी जताई और विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में आजसू पार्टी के कार्यकर्ता, छात्र और युवा शामिल हुए। पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा। प्रदर्शन के दौरान पुतला दहन को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की धक्का-मुक्की की स्थिति भी उत्पन्न हुई। हालांकि बाद में कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
सभा को संबोधित करते हुए आजसू पार्टी के प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस ने राज्य सरकार पर युवाओं और छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि छात्र-युवा रोजगार, शिक्षा और जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार इन सवालों का जवाब देने के बजाय आंदोलन को रोकने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध और सवाल उठाना नागरिकों का अधिकार है।
वहीं, आजसू जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने भी राज्य सरकार की कार्यशैली की आलोचना करते हुए कहा कि युवाओं की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र और युवा अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और उनकी आवाज को दबाने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा।
नेताओं ने कहा कि पुतला दहन कार्यक्रम सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि युवाओं, छात्रों और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार गंभीरता नहीं दिखाती है, तो आंदोलन को आगे और व्यापक रूप दिया जाएगा।
कार्यक्रम में आजसू पार्टी एवं छात्र मोर्चा के कई जिला, प्रखंड और युवा पदाधिकारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।