निखार सबलोक हत्याकांड का खुलासा: SIT की बड़ी कार्रवाई, 6 आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त कार और हथियार बरामद

Spread the love

जमशेदपुर के युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए जमशेदपुर एसएसपी डॉ. एहतिशाम वकारीब के नेतृत्व में गठित विशेष अनुसंधान दल (SIT) को बड़ी कामयाबी मिली है. बुधवार को जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां पुलिस ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया. पुलिस के अनुसार 24 अगस्त 2026 को निखार सबलोक को गोली लगने के बाद टीएमएच में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी. इसके बाद बिष्टुपुर थाना में कांड संख्या 115/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया. एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई. पुलिस के अनुसार घटना में प्रयुक्त Hyundai i10 कार, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर JH 05 AN 5503 है, बरामद कर लिया गया है. इसके अलावा हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी की भी जानकारी पुलिस ने दी है. पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें अशोक कुमार सिंह उर्फ बंटी, सुशील रजक, रितेश सिंह, सुशील केराई, राजा कुमार सिंह उर्फ शूटर सिंह और अंकित सिंह शामिल हैं. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और अब तक जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर हत्याकांड की पूरी कड़ी सामने आई है. इस हत्याकांड के खुलासे के लिए गठित एसआईटी में जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां पुलिस के अधिकारियों को शामिल किया गया था. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका के साथ मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *